श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र के कई गांवों में भरा बरसाती पानी
हरिद्वार। देर रात से हो रही भारी बारिश के चलते श्यामपुर कांगड़ी के कई गांवों में बरसाती पानी भर गया। जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति के महासचिव श्याम सिंह ने बताया कि बरसात के कारण श्यामपुर के लालढांग क्षेत्र के रसूलपुर,आर्यनगर,नई बस्ती,मोहल्ला पुरी,मीठी बेरी में बरसाती पानी भर गया। बरसाती पानी और खेतों का पानी लोगों के घरों में पहुंच गया। जिसके कारण ग्रामीणों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। समिति के पदाधिकारियों ने जलभराव से हुई क्षति पर नाराजगी जताई। पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। तालाब जैसी स्थिति बनी हुई है। आर्यनगर में सोहन सिंह,अनीता देवी खैखाल,चंद्रमोहन,राजेंद्र,टीका राम,जीवन सिंह,अमर सिंह,दिनेश सिंह,अशोक आदि के घरों को जलभराव के कारण खतरा बना हुआ है। सोहन सिंह के मकान,गौशाला,भूसा स्टोर,धान के पौधों को भी जलभराव के कारण भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति के एमएल कन्याल ने बताया कि खेतों का पानी रसूलपुर,मीठी बेरी,नई बस्ती,मोहल्ला पूरी,लालढांग आदि में प्रवेश कर गया है। समस्त मार्ग जलमग्न है। पानी की निकासी का कोई समाधान नहीं है। हजारों लोग बरसाती पानी से प्रभावित है। जल्द ही शासन प्रशासन को इस संबंध में ज्ञापन सौपा जाएगा। महासचिव श्याम सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आर्य नगर क्षेत्र में बरसात के कारण जल भराव की समस्या काफी समय से बनी हुई है। जल निकासी का कोई समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने शासन प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। नाराजगी जताने वालो मे एमएल कन्याल,श्याम सिंह,महेशी देवी,सोहन सिंह,जगदीश सिंह,अनीता देवी,प्रकाश, कविता देवी,विनोद,महेशचंद आदि ने भी जल निकासी नहीं होने पर नाराजगी जतायी।