मां लक्ष्मी का प्रतीक है तुलसी-महंत मधुसूदन गिरी
बापेश्वर धाम में किया गया तुलसी पूजन
हरिद्वार। तुलसी पूजन दिवस पर कनखल सन्यास रोड स्थित बापेश्वर धाम के परमाध्यक्ष महंत़ मधुसूदन गिरी महाराज ने आश्रम में तुलसी पूजन किया और विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए महंत मधुसूदन गिरी महाराज ने कहा कि हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे का बहुत महत्व है। तुलसी को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। भगवान विष्णु को भी तुलसी बहुत प्रिय है। तुलसी के पत्तों के बिना भगवान विष्णु की पूजा में प्रसाद नहीं चढ़ाया जाता है। महंत मधूसूदन गिरी महाराज ने कहा कि तुलसी के पौधे की नियमित रूप से पूजा अर्चना करने से घर में सुख समृद्धि का वास होता है। घर के आंगन में तुलसी का पौधा लगाने से पिछले जन्म के सारे पाप नष्ट हो जाते हैं। तुलसी के पास घी का दीपक जलाने से घर की दरिद्रता दूर होती है। उन्होंने कहा कि तुलसी स्वास्थ्य के लिए भी वरदान है। चरणामृत के साथ इसका सेवन करने से कई रोग दूर हो जाते हैं। महंत मधुसूदन गिरी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म संस्कृति विश्व की सबसे महान संस्कृति है। सनातन धर्म मनाए जाने वाले पर्व आध्यात्मिक संदेश के साथ जीवन दर्शन का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े और संत महापुरूष सनातन धर्म के संवाहक और संरक्षक हैं। संत महापुरूषों के सानिध्य में ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। प्रयागराज महाकुंभ में गंगा तट पर होने वाले विशाल संत समागम से निश्चित ही विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं को तुलसी के पौधे वितरित किए जाएंगे।